Current Affairs

करेंट अफेयर्स (30 अक्टूबर – 05 नवंबर 2017)

16. केंद्र सरकार ने दीनदयाल ‘स्‍पर्श’ योजना का शुभारंभ किया।
विस्तार :- केंद्र सरकार ने डाक टिकट संग्रह को प्रोत्‍साहन देने हेतु दीनदयाल स्‍पर्श योजना का शुभारंभ किया। यह योजना पूरे भारत के स्‍कूली बच्‍चों हेतु छात्रवृत्ति योजना है। केन्द्रीय संचार राज्य मंत्री मनोज सिन्‍हा ने इसका शुभारम्भ किया। ‘स्‍पर्श’ योजना के तहत कक्षा VI से IX तक उन बच्‍चों को वार्षिक तौर पर छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जिनका शैक्षणिक परिणाम अच्‍छा है और जिन्‍होंने डाक टिकट संग्रह को एक रूचि के रूप में चुना है।

17. फोर्ब्स रियल टाइम बिलियनर्स सूची में मुकेश अंबानी एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने।
विस्तार :- देश के सबसे अमीर व्याक्तियों मे शुमार रिलायंस इंडस्ट्री के मालिक मुकेश अंबानी अब एशिया के सबसे रईस व्यक्ति बन गए। फोर्ब्स मैगजीन की रियल टाइम बिलियनर्स की सूची में मुकेश ने 42.1 अरब डॉलर (करीब 2 लाख 73 हजार 650 करोड़ रुपए) की कुल संपत्ति के साथ चीन के हुइ यान को पीछे कर दिया। मुकेश अंबानी की निजी संपत्ति में 46.60 करोड़ डॉलर (3029 करोड़ रुपए) की बढ़ोतरी हुई है। 1 नवम्बर 2017 को रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 1.22 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह 952.30 रुपए के स्तर पर पहुंच गया। इसके साथ ही यह 6 लाख करोड़ रुपए के मार्केट कैपिटल वाली भारत की पहली कंपनी बन गई।

18. फोर्ब्स की शक्तिशाली महिलाओं की सूची में पांच भारतीय महिलाएं।
विस्तार :- अमेरिकी पत्रिका फोर्ब्स ने विश्व की शक्तिशाली महिलाओं की सूची जारी की है। जिसमे पांच भारतीय महिलाओं को सम्मिलित किया गया है। इस सूची में जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल पहले स्थान पर हैं। अमेरिकी पत्रिका फोर्ब्स द्वारा यह सूची इन महिलाओं के पास धन, मीडिया में उपस्थिति, प्रभाव आदि के आधार पर तैयार की गई है। आईसीआईसीआई बैंक की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक चंदा कोचर तथा बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा सहित पांच भारतीय महिलाएं फोर्ब्स की सबसे शक्तिशाली महिलाओं की सूची में जगह बनाने में कामयाब रही हैं।

source :- https://www.forbes.com/power-women/list/#tab:overall

19. विश्व के कुल कुपोषित बच्चों में से पचास फीसदी केवल भारत में।
विस्तार :- एसोचैम और ईवाई के संयुक्त अध्ययन में सामने आया है कि विश्व के कुल कुपोषित बच्चों की संख्या का पचास फीसद केवल भारत में है। कुपोषित बच्चों की संख्या के मामले में भारत विश्व में अव्वल है। रिपोर्ट में सिफारिश की गई है कि इससे उबरना है तो नीतियां बनाकर सामाजिक भेदभाव को कम करना होगा। सरकार को यह भी देखना होगा कि स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं भी सभी को एक समान रूप से मिलें। रिपोर्ट में कहा गया है कि 2005-15 के दौरान शिशु व पांच साल से नीचे के बच्चों की मृत्यु दर में कमी देखने को मिली है, लेकिन कुपोषण भारत की तस्वीर को भयावह करके दिखा रहा है। वर्ष 2015 के आखिर तक भारत के 40 फीसद बच्चे कुपोषित थे, जबकि शहरों में अधिपोषण की समस्या है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत गैर-पौष्टिक एवं गैर-संतुलित भोजन या तो अल्पपोषण, अतिपोषण या सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी के रूप में ग्रहण कर रहा है। भारत में अनुसूचित जनजाति (28%), अनुसूचित जाति (21%), पिछड़ी जाति (20%) और ग्रामीण समुदाय (21%) पर अत्यधिक कुपोषण का बहुत बड़ा बोझ है। पांच साल से कम उम्र के कम वजन वाले बच्चों की संख्या झारखण्ड में सर्वाधिक (42%) थी जबकि उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक अविकसित बच्चे पाए गए। अध्ययन के अनुसार, 6-23 महीने की आयु के बच्चों में  पोषण के लिए पर्याप्त आहार केवल 10% बच्चों को ही प्राप्त हो पा रहा है।

20. हिन्दी लेखिका कृष्णा सोबती का ज्ञानपीठ पुरस्कार हेतु चयन किया गया।
विस्तार :- हिन्दी लेखिका कृष्णा सोबती को वर्ष 2017 के ज्ञानपीठ पुरस्कार हेतु चुना गया है। ज्ञानपीठ पुरस्कार साहित्य के क्षेत्र में दिया जाने देश का सर्वोच्च सम्मान है। ज्ञानपीठ के निदेशक लीलाधर मंडलोई के अनुसार वर्ष 2017 के लिए दिया जाने वाला यह 53वां ज्ञानपीठ पुरस्कार है। हिन्दी साहित्य की सशक्त हस्ताक्षर कृष्णा सोबती को यह पुरस्कार साहित्य के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रदान किया जायेगा। यह निर्णय पुरस्कार चयन समिति की बैठक में किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रो. नामवर सिंह ने की। पुरस्कार स्वरूप कृष्णा सोबती को 11 लाख रूपये, प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिह्न प्रदान किया जायेगा। प्रतीक चिह्न के रूप में वाग्देवी की कांस्य प्रतिमा प्रदान की जाएगी। 18 फरवरी 1924 को गुजरात (वर्तमान पाकिस्तान) में जन्मी सोबती साहसपूर्ण रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए जानी जाती है।

प्रातिक्रिया दे

Your email address will not be published.