1. दुनिया की सबसे उम्रदराज़ शख्सियत मोरानो का 117 साल की उम्र में निधन।
विस्तार : – गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा दुनिया की सबसे उम्रदराज़ शख्सियत घोषित एमा मोरानो का 117 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उनका जन्म 29 नवंबर 1899 को इटली में हुआ था। मोरानो दुनिया के 5 सबसे उम्रदराज़ लोगों में से एक थीं। उन्होंने अपने जीवनकाल में 2 विश्व युद्ध और इटली की करीब 90 सरकारें देखी थीं।
2. लैंगिक समानता के लिए आईआईटी में होगा अधिक लड़कियों का दाखिला।
विस्तार : – आईआईटी की जॉइंट एडमिशन बोर्ड ने लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए शैक्षणिक सत्र 2018 से आईआईटी में अधिक छात्राओं को दाखिला देने का फैसला किया है। एक अधिकारी ने बताया कि इसके लिए लड़कियों को विशेष कोटा के तहत सीटें बढ़ाकर तब तक दाखिला दिया जाएगा जब तक लड़कियों की संख्या 20% ना हो जाए।
3. बिहार के चंपारण का वह घर म्यूज़ियम बनेगा जहां ठहरे थे महात्मा गांधी।
विस्तार : – राष्ट्रपिता महात्मा गांधी 100 वर्ष पहले चंपारण (बिहार) में नील की खेती करने वाले किसानों से मिलने के दौरान जिस घर में ठहरे थे, उसे संग्रहालय में तब्दील किया जाएगा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बताया कि उन्हें पता चला है कि वह घर कई बार बिक चुका है लेकिन सरकार उसे जीवंत संग्रहालय में तब्दील करेगी।
4. मुस्लिमों का आरक्षण बढ़ाने संबंधी विधेयक तेलंगाना विधानसभा में पास।
विस्तार : – तेलंगाना विधानसभा में रविवार को सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े मुसलमानों और अनुसूचित जनजातियों का आरक्षण बढ़ाने संबंधी विधेयक पास हो गया जिसके तहत मुस्लिमों के लिए आरक्षण की सीमा 12% जबकि, अनुसूचित जनजाति के लिए यह सीमा 10% होगी। वहीं, मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने बताया है कि इस मुद्दे पर राज्य को केंद्र की सहमति भी चाहिए।
5. 16 अप्रैल के दिन भारत में चली थी पहली रेल।
विस्तार : – 16 अप्रैल, 1853 को भारत में पहली ट्रेन मुंबई से ठाणे के बीच चली थी। यह भाप के इंजन से चलाई गई थी और ट्रेन द्वारा तय किए गए 21 मील (34 किलोमीटर) के सफर में करीब 400 लोगों ने यात्रा की थी। ट्रेन के चलते समय 21 तोपों की सलामी भी दी गई थी।