करेंट अफेयर्स (22 अप्रैल – 29 अप्रैल 2017)

1. सुलखान सिंह बने यूपी के नए डीजीपी।
विस्तार :- उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को 1980 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी सुलखान सिंह को राज्य का नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त कर दिया। राज्य में हुए कुल 12 आईपीएस अधिकारियों के तबादले में आदित्य मिश्र को अपर महानिदेशक (लॉ एंड ऑर्डर) की ज़िम्मेदारी दी गई है। वहीं, निवर्तमान डीजीपी जावीद अहमद अब पीएसी के डीजी होंगे।

2. बिना मोबाइल नेटवर्क वाला गांव बना कैशलेस, डीएम को मिला सम्मान।
विस्तार :- नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़) के बिना मोबाइल नेटवर्क वाले गांव ‘पलनार’ को कैशलेस बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ज़िलाधिकारी सौरभ कुमार को सम्मानित किया है। सौरभ ने कैशलेस मुहिम के तहत इंटरनेट की व्यवस्था कर लोगों को डिजिटल लेनदेन सिखाने के लिए टीमें बनाई थीं। उन्होंने बताया कि गांव में फोन काम नहीं करता लेकिन इंटरनेट चलता है।

3. 22 अप्रैल के दिन रूसी क्रांति के प्रणेता लेनिन का हुआ था जन्म।
विस्तार :- 22 अप्रैल 1870 को रूसी शहर सिमबिर्स्क में रूसी क्रांति के प्रणेता व्लादिमीर लेनिन का जन्म हुआ था। मार्क्सवादी विचारक लेनिन के नेतृत्व में 1917 में रूस की क्रांति हुई थी जिसके बाद 1922 में सोवियत संघ की स्थापना हुई थी। रूसी कम्युनिस्ट पार्टी (बोल्शेविक पार्टी) के संस्थापक लेनिन के मार्क्सवादी विचारों को ‘लेनिनवाद’ के नाम से जाना जाता है।

4. 22 अप्रैल के दिन मनाया जाता है ‘पृथ्वी दिवस’।
विस्तार :- दुनियाभर में पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए हर वर्ष 22 अप्रैल को ‘पृथ्वी दिवस’ मनाया जाता है। 22 अप्रैल 1970 को पहली बार अमेरिका में पृथ्वी दिवस मनाया गया था। 1990 में इस मौके पर 141 देशों में दो करोड़ लोगों ने हिस्सा लिया था। इसके चलते 1992 में ‘यूनाइटेड नेशंस अर्थ समिट’ हो सका था।

5. ऐश्वर्या और हेमा को मिला दादा साहेब फाल्के एक्सीलेंस अवॉर्ड।
विस्तार :- शुक्रवार को आयोजित हुए दादा साहेब फाल्के एक्सीलेंस अवॉर्ड 2017 में अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन को फिल्म ‘सरबजीत’ (2016) के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री जबकि ज़ीनत अमान को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अभिनेत्री हेमा मालिनी को कला श्री कैटेगरी में पुरस्कार मिला। फिल्म ‘पिंक’ के लिए शूजित सरकार को सबसे क्रिएटिव डायरेक्टर का अवॉर्ड दिया गया।

प्रातिक्रिया दे

Your email address will not be published.