करेंट अफेयर्स (8 अप्रैल – 15 अप्रैल 2017)

31. आरबीआई ने एमेज़ॉन इंडिया को ई-वॉलेट लॉन्च करने की दी अनुमति।
विस्तार : – 
एमेज़ॉन इंडिया ने बताया है कि भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) ने उसे डिजिटल वॉलेट लॉन्च करने की अनुमति दे दी है। एमेज़ॉन ने कहा कि इससे ग्राहकों को डिजिटल पेमेंट सिस्टम अपनाने और भारत को लेस-कैश अर्थव्यवस्था बनाने में मदद मिलेगी। गौरतलब है, एमेज़ॉन इंडिया ने करीब एक साल पहले प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट (पीपीआई) लाइसेंस के लिए आवेदन किया था।

32. नोबेल पुरस्कार विजेता मलाला को मिली कनाडा की मानद नागरिकता।
विस्तार : – 
नोबेल पुरस्कार विजेता मलाला युसुफज़ई (19) को कनाडा की मानद नागरिकता से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान हासिल करने वाली मलाला छठी शख्सियत हैं और सबसे युवा व्यक्ति भी हैं। इससे पहले यह सम्मान नेल्सन मंडेला, दलाई लामा, धार्मिक नेता अागा खान, स्वीडन के कूटनीतिज्ञ राउल वेलेनबर्ग और म्यांमार की नेता आंग सान सू ची को दिया गया था।

33. 13 अप्रैल के दिन 98 वर्ष पहले हुआ था ‘जलियांवाला बाग हत्याकांड’।
विस्तार : – 
13 अप्रैल, 1919 को पंजाब के अमृतसर में ‘जलियांवाला बाग हत्याकांड’ हुआ था। जनरल डायर के नेतृत्व में अंग्रेज़ी सेना ने रॉलेट ऐक्ट का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों पर अंधाधुंध गोलियां चलाई थीं। इस हत्याकांड के बाद रवीन्द्रनाथ टैगोर ने अंग्रेज़ों द्वारा दी गई नाइटहुड की उपाधि ब्रिटिश सरकार को लौटा दी थी।

34. शादी के बाद महिलाओं को पासपोर्ट में नहीं बदलना होगा नाम: पीएम मोदी।
विस्तार : – 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि अब से महिलाओं को शादी के बाद पासपोर्ट में नाम बदलने की ज़रूरत नहीं होगी। मोदी ने कहा कि महिलाओं को पासपोर्ट के लिए अपनी शादी या तलाक का प्रमाणपत्र नहीं देना होगा और पासपोर्ट में पिता या माता का नाम इस्तेमाल करना महिलाओं का विवेकाधिकार होगा।

35. 14 अप्रैल के दिन हुआ था डॉ. भीमराव अंबेडकर का जन्म।
विस्तार : – 
भारतीय संविधान के जनक माने जाने वाले और ‘बाबासाहब’ के नाम से मशहूर डॉक्टर भीमराव अंबेडकर का जन्म 14 अप्रैल, 1891 को हुआ था। मध्य प्रदेश के महू गांव में दलित ‘महार’ जाति में जन्मे अंबेडकर ताउम्र छुआछूत के खिलाफ लड़ते रहे थे। 31 मार्च 1990 को अंबेडकर को मरणोपरांत सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से नवाज़ा गया था।

36. 15 अप्रैल के दिन 1948 में हुई थी हिमाचल प्रदेश की स्थापना।
विस्तार : – 15 अप्रैल 1948 को हिमाचल प्रदेश की स्थापना हुई थी, जिसमें तत्कालीन 30 रियासतें शामिल हुई थीं। हिमाचल सरकार इसे हर वर्ष ‘हिमाचल दिवस’ के रूप में मनाती है। 1970 में संसद में ‘हिमाचल प्रदेश अधिनियम’ पारित होने के बाद हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा 25 जनवरी 1971 को मिला था और हिमाचल भारत का अठारहवां राज्य बना था।

प्रातिक्रिया दे

Your email address will not be published.